बुद्धेश्वर मंदिर से घंटा चोरी करता चोर पकड़ा गया

PMB | पारा थाना क्षेत्र के प्राचीन बुद्धेश्वर मंदिर में घंटा चोरी के आरोप में एक सेवादार को पकड़ा गया है। बुधवार शाम करीब 5 बजे स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने उसे कथित तौर पर पीतल के घंटे चोरी कर ले जाते हुए रंगेहाथ पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान गोलू उर्फ गौरव के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके कब्जे से चोरी का घंटा भी बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी मंदिर में सेवादार के तौर पर काम करता है और शृंगार आरती की व्यवस्था से भी जुड़ा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर से पिछले कई दिनों से घंटे चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। उनकी सतर्कता के कारण बुधवार को आरोपी को पकड़ा जा सका। लोगों ने आशंका जताई है कि पूर्व में हुई घंटा चोरी की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता हो सकती है।

इस मामले में सनी, विशाल उर्फ छोटू, राकेश और लेखपाल आनंद श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने पारा थाने में लिखित तहरीर दी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में यह भी उल्लेख है कि बुद्धेश्वर मंदिर की देखरेख जिला प्रशासन करता है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर देर रात करीब पौने बारह बजे मामले में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक पारा सुरेश कुमार ने बताया कि बरामदगी, उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *